*मा.मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण को स्वीकृति*

चम्पावत, 19 नवम्बर 2026,

*मा.मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण को स्वीकृति*

*लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से सुधरेगा 7.800 किलोमीटर मार्ग*

*जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ने किया स्थलीय निरीक्षण*

मा. मुख्यमंत्री घोषणा अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक 7.800 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

यह मार्ग मुख्य सड़क से हरेश्वर मंदिर को जोड़ता है। मा0 मुख्यमंत्री के प्रयासों से स्वीकृत इस कार्य से स्थानीय जनता के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क सुधरने से मंदिर तक पहुंच अधिक सुगम होगी और क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

स्वीकृत कार्य के अंतर्गत मार्ग पर पहले डिफेक्ट कटिंग की जाएगी। इसके बाद सोलिंग, इंटरमीडिएट कोट और टॉप कोट का कार्य कर डामरीकरण किया जाएगा। इन चरणों के पूरा होने पर सड़क की सतह बेहतर होगी और स्थानीय लोगों तथा दर्शनार्थियों को अधिक सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध हो सकेगा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में अधिशासी अभियंता, चम्पावत श्री हितेश कांडपाल ने मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति तथा प्रस्तावित सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों का अवलोकन किया गया। यह कार्य क्षेत्रवासियों और हरेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क सुविधा बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।