बनबसा : विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा आस्था और राष्ट्रभक्ति का सागर l
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बनबसा नगर में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन अभूतपूर्व उत्साह, अनुशासन और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए l इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वरूपानंद यति महाराज ने अपने उद्बोधन में हिन्दू समाज की एकता, सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित एवं जागृत समाज ही राष्ट्र को विश्व में अग्रणी बना सकता है। मुख्य वक्ता प्रांत सह प्रचारक चन्द्र शेखर ने संघ की 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा, सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को समाज व राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही पूर्व प्रधानाचार्य वंशीधर उपाध्याय ने कहा ऐसे सम्मेलन समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। सम्मेलन के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम की व्यवस्था एवं संचालन में संघ के प्रचारकों वतन एवं जितेंद्र सहित स्थानीय स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।