चम्पावत 09 मार्च, 2026
*जनता मिलन कार्यक्रम में हुआ लोगों की समस्याओं का समाधान।*
*जनता मिलन कार्यक्रम में दर्ज हुई 83 शिकायतें, अधिकारियों को मिले आवश्यक दिशा निर्देश।*
*लोगों की समस्याओं का हो समयबद्ध निस्तारण: जिलाधिकारी*
जन-सामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
इस दौरान कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए निर्देशित किया कि जो प्रकरण तत्काल निस्तारित किए जा सकते हैं, उनका मौके पर समाधान किया जाए तथा शेष मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए।
श्री प्रदीप जोशी, खेतीखान द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी पाटी को मामले में त्वरित जांच कर दोनों पक्षों की सहमति से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम मैरोली के श्री सुरेश चंद्र तथा श्री नारायण दत्त की ग्राम में सोलर स्ट्रीट लाइट तथा मार्ग की मांग पर जिलाधिकारी द्वारा उरेडा तथा खंड विकास अधिकारी चम्पावत को प्रस्ताव तथा अन्य आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए।
श्री नारायण दत्त जोशी, ग्राम बिरगुल द्वारा कान की मशीन की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग से प्रार्थी की तत्काल कान की जांच करवाई तथा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से प्रार्थी को कान की मशीन उपलब्ध कराई गई।
ग्राम चौड़ा राजपुरा की श्रीमती मोती देवी की पी.एम आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई, जिलाधिकारी द्वारा बीडीओ चम्पावत से आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बसंती तिवारी, वार्ड त्यारकुड़ा द्वारा घर की छत से जा रही विद्युत हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल को क्षेत्र का सर्वे कर लाइन विस्थापित करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
ग्राम गंगनौला की सुश्री ऋचा जोशी द्वारा परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा पूर्ति विभाग को राशन कार्ड संबंधी आवश्यक कार्यवाही, समाज कल्याण विभाग तथा बीडीओ लोहाघाट को प्रार्थी की मांग के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
ग्राम बाजरीकोट के श्री अनिल कुमार द्वारा रोजगार चाहने संबंधी मांग पर विभिन्न विभागों को अपने विभागीय स्तर पर कार्यवाही करने तथा प्रार्थी को सीएस सेन्टर के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश जारी किए।
नागनाथ वार्ड के श्री योगेश जोशी की बरसाती नाले के निर्माण पर जिलाधिकारी द्वारा राजस्व तथा नगरपालिका चम्पावत को सर्वे कर उचित आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
श्रीमती जयंती देवी, ग्राम हरम (मंच) द्वारा गुलदार द्वारा दुधारू गाय के मारे जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी द्वारा मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को प्रार्थी को उचित लाभ प्रदान करने के संबंध में निर्देशित किया।
ग्राम कोयाटी के श्री ईश्वर सिंह बिष्ट द्वारा पेयजल आपूर्ति की समस्या दर्ज कराई गई, जिस संबंध में जल संस्थान को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा प्रदान किये गए।
ग्राम च्यूराखर्क के श्री अमित खर्कवाल द्वारा खेतों हेतु फेंसिंग तथा सोलर स्ट्रीट लाइट की मांग पर जिलाधिकारी द्वारा कृषि व उद्यान विभाग को तथा प्रकाश व्यवस्था हेतु उरेडा विभाग को निर्देशित किया।
श्रीमती झामा देवी, ग्राम मटकांडा द्वारा आधार अपडेट न होने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्रार्थी का आधार कार्ड संबंधी कार्यवाही के निर्देश जारी किए।
इसके अतिरिक्त श्री गणेश पंत, श्री अशोक कुमार, श्रीमती भागीरथी देवी, श्री सुरेंद्र बोहरा, श्री रघुवर रैंसवाल, श्रीमती रेखा देवी, श्री सुभाष पांडेय, श्रीमती मीना देवी आदि शिकायतकर्ताओं की शिकायतें दर्ज की गई।
जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभाग अपने स्तर से शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर उनकी समस्या के निस्तारण हेतु समयबद्धता सुनिश्चित करें।
जन मिलन कार्यक्रम में जन समस्याओं के निस्तारण प्रक्रिया में मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर श्री अनुराग आर्या, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, समेत अन्य विभागीय अधिकारी समेत फरियादी मौजूद रहे।


