“आदर्श चंपावत विधायक निधि से समग्र विकास की ओर”

चंपावत अब तेजी से “आदर्श चंपावत” की परिकल्पना को साकार करता हुआ प्रदेश के लिए विकास का प्रेरणास्रोत बन रहा है। यह परिवर्तन माननीय मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व, सक्रिय सहभागिता और जनकल्याणकारी सोच का प्रतिफल है।

वर्ष 2023-24 के लिए ₹5 करोड़ की विधायक निधि से चंपावत विधानसभा क्षेत्र में अनेक बहुप्रतीक्षित कार्य प्रारंभ किए गए हैं। इनमें 127 से अधिक संपर्क मार्गों का निर्माण, जिससे हर गाँव को मुख्यधारा से जोड़ा गया; 49 मंदिरों का सौंदर्यीकरण कर आस्था के केंद्रों को नव-रूप प्रदान किया गया; 13 विद्यालयों का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कर शिक्षा को सशक्त आधार दिया गया; रामलीला मंच, जन मिलन केंद्र, स्वागत गेट, शौचालय, पार्क सौंदर्यीकरण, खेल सामग्री वितरण, सीसीटीवी स्थापना और सिंचाई योजनाएं, 2 पुल, 12 नालियाँ, 6 सुरक्षा दीवारें, 9 जन मंच तथा 10 प्रांगण निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।

माननीय मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल द्वारा समस्त विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे प्रस्ताव आमंत्रित किए गए, जिससे विकास कार्य जनभावनाओं के अनुरूप तय किए गए। समस्त कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के सिद्धांतों पर आधारित हैं। कार्यों की सतत निगरानी हेतु वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की विशेष निगरानी समिति गठित की गई।

माननीय मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 की संपूर्ण विधायक निधि समय से आवंटित कर विकास कार्यों में अभूतपूर्व गति लाये। इससे पूर्व वर्ष 2022-23 में भी ₹3.75 करोड़ की राशि से प्रत्येक ग्रामसभा एवं नगर पालिका क्षेत्र में समग्र विकास कार्य जनसहभागिता से संपन्न कराए गए।”विधायक निधि के सार्थक उपयोग से हर गाँव, हर नागरिक को लाभ देकर आदर्श चंपावत का विकास करना है।”

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2024-25 के लिए विकास की गति को और तीव्र करने हेतु नोडल अधिकारी द्वारा कार्यदाई संस्थाओं के साथ बैठकर आगामी रणनीति तैयार की गई, जिससे आने वाले समय में और अधिक प्रभावी तथा ज़मीनी स्तर पर बदलाव सुनिश्चित किया जा सके।