प्लास्टिक नहीं प्रकृति चाहिए: जन-जागरूकता से बदलें आदतें: श्याम नारायण पांडे*

चंपावत 05 जून 2025,

*प्लास्टिक नहीं प्रकृति चाहिए: जन-जागरूकता से बदलें आदतें: श्याम नारायण पांडे*

*प्रकृति को नहीं, स्वयं को बचा रहे हैं हम: जिलाधिकारी*

*राजकीय नर्सिंग कॉलेज कुलेठी में विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित, विजेताओं को किया गया सम्मानित*

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय नर्सिंग कॉलेज कुलेठी, चम्पावत में जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं भगवान गणेश को समर्पित आरती से हुआ। नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक प्रेरणादायक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें पर्यावरणीय चुनौतियों को उजागर करते हुए समाधान की दिशा में प्रेरणा देने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों व नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा भाषण, मॉडल मेकिंग, रंगोली, पोस्टर, फोटोग्राफी, फेस आर्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट तथा रील प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी इस प्रकार रहे: भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर लता जोशी (जूनियर हाईस्कूल खर्ककार्की), द्वितीय हर्षित (GIC चम्पावत) तथा तृतीय अर्पिता (JJHS फूंगर) रही। मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंशुमन एवं योगेश (JJHS मुड़ियानी), द्वितीय अनुष्का एवं तनूजा (GIC चम्पावत) तथा तृतीय गौरव व लक्ष्य (GIC चम्पावत) ने प्राप्त किया। रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान निधि एवं ममता (नर्सिंग कॉलेज) तथा द्वितीय प्रियंका और उपाशना को मिला। पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान अंशिता और अदिति, द्वितीय ज़िया को मिला। फेस आर्ट प्रतियोगिता में प्रियांशी प्रथम व अदर द्वितीय रहे। रील प्रतियोगिता में विकास प्रथम और सपना द्वितीय स्थान पर रहे।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम मनीष और द्वितीय निधि रहीं। बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट प्रतियोगिता में अंशिता ने प्रथम और जिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम की एंकरिंग कृतिका और जिया द्वारा की गई।

कार्यक्रम में DFO चम्पावत ने कहा कि इस बार पर्यावरण संरक्षण को उत्तराखंड सरकार द्वारा व्यापक रूप में अभियान का स्वरूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान बूथ में 10-10 पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही, प्लास्टिक उन्मूलन, नौलों की सफाई, जंगलों में गंदगी से बचाव जैसे विषयों पर बल देते हुए कहा कि आज हम प्लास्टिक युग में जी रहे हैं, जहां सबसे बड़ा समाधान “रिफ्यूज़” (इनकार) करना है। विकास के साथ जो पर्यावरणीय दोष जुड़े हैं, उन्हें हटाने का प्रयास करना होगा।

जिलाधिकारी श्री नवनीत पांडे ने उपस्थित छात्र-छात्राओं व जनसमूह को संबोधित करते हुए तीन सवालों के माध्यम से विचारों को झकझोरा। उन्होंने कहा कि “आज हम स्वार्थी हो गए हैं। हम प्रकृति से छेड़छाड़ कर रहे हैं, जबकि वास्तव में प्रकृति नहीं, हम स्वयं को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।” उन्होंने जल संरक्षण, सतत विकास, और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “गंगा दशहरा” के पावन पर्व पर हमें यह प्रण लेना चाहिए कि गंगा को निर्मल एवं अविरल बनाए रखेंगे। गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हर जल की बूँद में उसकी भावना बसती है।

मुख्य अतिथि श्याम नारायण पांडे ने मुख्यमंत्री की “आदर्श जनपद” मुहिम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती हमारी माता है और हम इसके पुत्र हैं, धरती का संरक्षण हमारा नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक को स्वयं के प्रयासों से हटाया जा सकता है। उन्होंने सिंगल यूज़ प्लास्टिक को कम करने, कचरा बैंक की स्थापना करने और जूट व कपड़े के थैले अपनाने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, अतः जन सहभागिता से इसे हटाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान जनपद में पर्यावरण संरक्षण हेतु विशेष योगदान देने वालों गीता भट्ट, राजेन्द्र गहतोड़ी और शांभवी मुरारी को शॉल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शांभवी मुरारी द्वारा उपस्थित सभी को पर्यावरण संरक्षण व मतदाता शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, अधिकारियों, विभागीय कार्मिकों, स्थानीय जनता तथा नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से परिसर में वृक्षारोपण किया गया

इस दौरान मा० विधायक प्रतिनिधि चंपावत श्री प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद चंपावत श्रीमती प्रेमा सिंह, मा0 क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चंपावत श्रीमती रेखा देवी, प्रभागीय वनाधिकारी श्री नवीन चंद्र पंत, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती, असिस्टेंट कमांडेंट एस.एस.बी करण चौहान, उप प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती नेहा चौधरी, प्राचार्य नर्सिंग कॉलेज चंपावत, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार सहित जनपद के अधिकारी/कार्मिक, एसएसबी के जवान, विभिन्न जनप्रतिनिधि, नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं व स्थानीय ग्रामीण अन्य उपस्थित रहे।