चम्पावत 04 अगस्त 2025,
*प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत मुआवजा वितरण हेतु कैंप का आयोजन जारी*
*बाराकोट के मिर्तोली गांव में हुआ शिविर, ग्रामीणों से शीघ्र लाभ प्राप्त करने की अपील*
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों से प्रभावित ग्रामवासियों को भू-अधिग्रहण के एवज में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को तीव्र गति देने के उद्देश्य से चम्पावत में प्रतिदिन अलग-अलग ग्रामों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को बाराकोट के ग्राम मिर्तोली में मुआवजा वितरण हेतु एक दिवसीय कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में सहायक अभियंता PMGSY के नेतृत्व में टीम द्वारा प्रभावित काश्तकारों की उपस्थिति में आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके खातों में सीधे मुआवजा हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करने की दिशा में जागरूक किया गया। सहायक अभियंता ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे शीघ्र कैंप में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मुआवजा प्रक्रिया को पूर्ण कर लें, जिससे उन्हें समयबद्ध लाभ प्राप्त हो सके।


