चम्पावत 08 अगस्त 2025,
*चंपावत में किसानों को आजीविका बढ़ाने के लिए वितरित किए गए 2500 तेजपात के पौधे*
*औषधीय खेती को प्रोत्साहित करने हेतु भेषज विभाग की पहल*
जनपद चंपावत में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में भेषज विभाग द्वारा किसानों को औषधीय खेती से जोड़ने के लिए तेजपात के पौधों का निशुल्क वितरण किया जा रहा है।
प्रभारी जिला भेषज समन्वयक श्री देव सिंह ने बताया कि भेषज विभाग जनपद के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों में जाकर स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय किसानों को पौधे उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे परंपरागत खेती के साथ-साथ औषधीय फसलों की ओर भी आकर्षित हों।
इसी क्रम में, ग्राम शक्तिपुरबूँगा में आयोजित वितरण कार्यक्रम के दौरान 79 किसानों को कुल 2500 तेजपात के पौधे भेषज विकास इकाई, चंपावत द्वारा निःशुल्क वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला भेषज सहकारी संघ, चंपावत के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को तेजपात की खेती के लाभ, देखभाल की विधियाँ और संभावित विपणन के बारे में भी जानकारी दी गई।
श्री देव सिंह ने बताया कि यह पहल जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में संचालित की जा रही है, जिनके मार्गदर्शन में जिले में जैविक और औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तेजपात जैसे औषधीय पौधों की खेती से किसानों को स्थायी आय के नए स्रोत उपलब्ध होंगे, जिससे उनका जीवनस्तर बेहतर होगा और बाजार की मांग के अनुसार वे बेहतर मूल्य भी प्राप्त कर सकेंगे।


