चम्पावत, 04 सितम्बर 2025,
*नगर निकायों की समीक्षा बैठक में स्वच्छता और जनसुविधाएँ रहीं मुख्य फोकस*
*जिलाधिकारी बोले “समयबद्ध कार्य और गुणवत्तापूर्ण परिणाम हों प्राथमिकता”*
जिला सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनपद के सभी नगर निकायों से संबंधित बिंदुवार समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क एवं नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नगर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्वनिधि से समृद्धि योजना, वेंडिंग जोन एवं रैन बसेरों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया तथा सीएम हेल्पलाइन से लंबित शिकायतों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि समस्त नगर निकाय 15 अक्टूबर तक सभी आवास एवं शौचालय निर्माण लक्ष्यों को पूर्ण करें।
साथ ही नगर क्षेत्रों में संचालित हो रहे कूड़ा वाहनों की सतत मॉनिटरिंग करने और उन्हें नियमित रूप से संचालित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय waste to energy तकनीक पर कार्य करें, जिससे कूड़ा निस्तारण को नई गति मिले और स्वच्छता मिशन को मजबूती मिल सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी नगर निकाय जनसुविधाओं के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, अधिशासी अधिकारीगण श्री सौरभ नेगी,श्री भरत त्रिपाठी,श्री दीपक बुढलाकोटी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



