*युवाओं को स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करेगा ‘ऋण मेला अभियान’ — चंपावत में 6 से 29 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रम*

चम्पावत 05 अक्टूबर 2025,

*युवाओं को स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करेगा ‘ऋण मेला अभियान’ — चंपावत में 6 से 29 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रम*

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में एवं उत्तराखण्ड शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम अनुभाग के निर्देशानुसार जनपद चंपावत में अक्टूबर माह के दौरान स्वरोजगार योजनाओं एवं ऋण वितरण से संबंधित ‘ऋण कैम्प/ऋण मेला’ का आयोजन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य राज्य में संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराते हुए, आवेदन से लेकर वितरण तक की संपूर्ण प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाना है।

उन्होंने कहा कि जिला उद्योग विभाग द्वारा विकासखंडवार, तहसीलवार एवं बैंकवार ऋण कैम्पों का विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया गया है, ताकि प्रत्येक पात्र आवेदक को योजनाओं का लाभ उनके नजदीकी स्तर पर मिल सके।

ऋण कैम्प/मेला कार्यक्रम का कैलेंडर इस प्रकार है:

विकासखंड लोहाघाट: 6 अक्टूबर 2025, पूर्वाह्न 11:00 बजे, विकासखंड सभागार (प्रभारी अधिकारी – खंड विकास अधिकारी, लोहाघाट)

जिला पंचायत चंपावत: 8 अक्टूबर 2025, (प्रभारी अधिकारी – अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत)

विकासखंड बाराकोट: 9 अक्टूबर 2025, (प्रभारी अधिकारी – खंड विकास अधिकारी, बाराकोट)

विकासखंड पाटी: 10 अक्टूबर 2025, (प्रभारी अधिकारी – खंड विकास अधिकारी, पाटी)

नगर पालिका टनकपुर: 13 अक्टूबर 2025, (प्रभारी अधिकारी – अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका)

नगर पंचायत बनबसा: 14 अक्टूबर 2025, (प्रभारी अधिकारी – अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत)

जिला पंचायत सभागार देवीधूरा: 16 अक्टूबर 2025

नगर पालिका लोहाघाट: 17 अक्टूबर 2025

नगर पालिका चंपावत: 24 अक्टूबर 2025

राजकीय प्राथमिक विद्यालय धूरा: 27 अक्टूबर 2025

राजकीय इंटर कॉलेज चौमेल: 29 अक्टूबर 2025
(देवीधूरा, लोहाघाट और चंपावत के नगर निकायों हेतु प्रभारी अधिकारी – अधिशासी अधिकारी; धूरा और चौमेल हेतु प्रभारी अधिकारी – महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी)।

जिलाधिकारी श्री कुमार ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभागों की स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित बैंकों को प्रेषित ऋण आवेदन पत्रों के वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही लाभार्थियों की उपस्थिति में नए आवेदन भी स्वीकार किए जाएँ और विभागवार ऋण आवेदन पत्रों की प्राप्ति व निस्तारण का विवरण प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने कहा कि यह ऋण कैम्प/मेला स्थानीय युवाओं, उद्यमियों एवं स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक नागरिकों के लिए एक सुनहरा अवसर है। इससे न केवल स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि जनपद में आर्थिक स्वावलंबन को भी नया आयाम मिलेगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम ऋण कैम्प में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ।