पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत में आयोजित हुआ कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग कार्यक्रम — विशेषज्ञों ने छात्रों को दी भविष्य निर्माण की दिशा*

चंपावत 12 नवंबर 2025,

*पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत में आयोजित हुआ कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग कार्यक्रम — विशेषज्ञों ने छात्रों को दी भविष्य निर्माण की दिशा*

आज पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत में एक दिवसीय कैरियर गाइडेंस एवं काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. तिवारी ने की।

कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय, बरेली के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आनंद सिंह गुसाई तथा डॉ. सुधाकर गंगवार, जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय आयुष मिशन, चंपावत ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया।

दोनों अधिकारियों ने विद्यालय के कक्षा 11 एवं 12 के विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि भविष्य में अपने करियर का चयन करते समय अपनी रुचि, योग्यता और अवसरों के समन्वय को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा संस्थानों एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी जानकारियाँ विस्तार से प्रदान कीं।

डॉ. आनंद सिंह गुसाई और डॉ. सुधाकर गंगवार ने अपने आवासीय विद्यालय जीवन के प्रेरणादायी संस्मरणों को भी साझा किया, जिससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ सहभागिता की और इसे मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से परिपूर्ण अनुभव बताया। विद्यार्थियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से कुल 60 छात्र-छात्राएँ लाभान्वित हुए।

इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य श्री संजीव कुमार, तथा शिक्षकगण एच.एस. ढालिया, निशांत कुमार, मदन सिंह, संदीप मंडल एवं चांद बीबी उपस्थित रहे।