*“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल”: चम्पावत में 23 से 25 मार्च तक त्रिदिवसीय आयोजन* *साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम भी 23 को गोरलचौड़ मैदान में होगा आयोजित*

चम्पावत 21 मार्च

*“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल”: चम्पावत में 23 से 25 मार्च तक त्रिदिवसीय आयोजन*

*साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम भी 23 को गोरलचौड़ मैदान में होगा आयोजित*

*जनकल्याणकारी योजनाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनसंवाद के माध्यम से मनाया जाएगा उत्सव*

उत्तराखंड राज्य सरकार के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद चम्पावत में 23 से 25 मार्च 2026 तक “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” थीम पर त्रिदिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

यह आयोजन मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर व्यापक रूप से संपादित किया जाएगा।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी चम्पावत को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों को व्यवस्थित, प्रभावी एवं भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

*23 मार्च 2026*

शुभारंभ, जनसंवाद और जनकल्याण गतिविधियों का संगम
कार्यक्रम का शुभारंभ 23 मार्च को जनपद मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में प्रातः 11:00 बजे दीप प्रज्ज्वलन, वंदना एवं स्वागत गीतों के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन उपकरण वितरण तथा जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी हेतु स्टॉल लगाए जाएंगे एवं डिजिटल सेवाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे। दोपहर 12:30 बजे से माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

*उल्लेखनीय है कि साप्ताहिक जनता मिलन कार्यक्रम भी इसी दिन गोरलचौड़ मैदान में आयोजित किया जाएगा।*

*24 मार्च 2026*

विकासखंड स्तर तक पहुंचेगी गतिविधियाँ, युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस
कार्यक्रम के दूसरे दिन 24 मार्च को आयोजन जनपद मुख्यालय से लेकर सभी विकासखंडों तक विस्तारित रहेगा। इस दिन महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद मुख्यालय में मैराथन प्रतियोगिता तथा विकासखंड स्तर पर खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
साथ ही सभी विकासखंडों में आधार पंजीकरण शिविर एवं विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

*25 मार्च 2026*

महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और कौशल विकास पर केंद्रित आयोजन
कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 मार्च को महिला सशक्तिकरण, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं स्वयं सहायता समूहों से संबंधित विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु कौशल विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिसमें जिला उद्योग केंद्र एवं बैंकिंग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वित रूप से कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करें।

उन्होंने जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में सहभागिता कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।