चम्पावत 24 मार्च 2026,
*टीबी मुक्त चम्पावत के लिए निक्षय मित्र बनकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया जनपदवासियों से जुड़ने का अनुरोध*
*विश्व क्षय दिवस पर बड़ा संकल्प— जागरूकता, उपचार और सहयोग से खत्म होगा टीबी*
विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिला क्षय रोग उन्मूलन केंद्र, छतार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में “Yes We Can End TB” थीम पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज चम्पावत के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को टीबी के प्रति भ्रांतियों से दूर रहने तथा समय पर जांच और उपचार कराने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला क्षय रोग समिति चम्पावत द्वारा “100 डे कैंपेन – टीबी हारेगा, देश जीतेगा” अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्षा द्वारा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर विकासखंड पाटी के लिए रवाना किया गया।
इस दौरान भारत सरकार की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान द्वारा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार को “निक्षय मित्र” प्रमाण पत्र भेंट किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वयं निक्षय मित्र बनते हुए जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र योजना से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से आगामी वर्ष तक चम्पावत को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लेने को प्रेरित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है और इसके साथ ही नशा मुक्त समाज का निर्माण भी जरूरी है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत चम्पावत जनपद द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने रोग की समय पर पहचान, प्रभावी ट्रैकिंग एवं मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले विश्व क्षय दिवस के दिन जनपद को टीबी मुक्त घोषित करते हुए सामूहिक उत्सव मनाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, प्रधानाचार्य नर्सिंग कॉलेज रश्मि रावत, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेंद्र गहतोड़ी, नगर पालिका परिषद सदस्य प्रेमा चिलकोटी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सोनाली मंडल, निक्षय मित्र, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

