चम्पावत 01 जून 2026
*विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक*
*मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच समन्वय बैठक आयोजित*
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 29 मई से 07 जून 2026 तक पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां, प्रशिक्षण एवं आवश्यक प्रिंटिंग कार्य किए जाएंगे। इस दौरान बीएलओ एवं बीएलए को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित हो सके।
08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा तथा गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया जाएगा। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी संपन्न किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। नागरिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।बैठक में बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय एवं अद्यतन बनाना है।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। आधार कार्ड केवल पहचान के प्रमाण के रूप में मान्य होगा, नागरिकता के प्रमाण के रूप में नहीं। साथ ही आधार संख्या उपलब्ध कराना पूरी तरह स्वैच्छिक रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी कारण से हट गया है, तो वह प्रारूप-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से अपना नाम पुनः दर्ज करा सकता है। प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को एसआईआर अभियान के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की, ताकि अभियान को निष्पक्ष, प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
बैठक में जनपद की निर्वाचन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया गया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 54-लोहाघाट में 185 तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 55-चम्पावत में 159 मतदान स्थल हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 344 मतदान स्थल एवं 315 मतदान केन्द्र संचालित हैं। साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा आमजन के लिए उपलब्ध कराई गई “Book-a-call with BLO” सुविधा के बारे में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी राजनीतिक दलों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि श्री शंकर दत्त पाण्डेय एवं श्री सतीष चन्द्र पाण्डेय तथा इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि श्री अब्दुल नाजिम एवं रेहान अहमद मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (एसआईआर) श्री गणेश सिंह खाती, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह अधिकारी सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

