चम्पावत, 19 जून 2026,

*मा. दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित*

*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बनबसा मिनी स्टेडियम में होगा भव्य योग दिवस आयोजन*

21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य योग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को टनकपुर पावर स्टेशन सभागार, बनबसा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्री विनय रूहेला, मा० उपाध्यक्ष, उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबन्धन (स०स०) एवं पूर्व उपाध्यक्ष राज्य योजना आयोग,ने की।

बैठक में श्री विनय रूहेला ने सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनपद एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील भी की।

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे तथा आमजन के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देंगे।

बैठक के दौरान अपर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, आपदा प्रबंधन, मंच एवं साउंड सिस्टम, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अपर सचिव ने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न संस्थाओं से कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद चम्पावत में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।