चम्पावत, 27 जुलाई 2026
*मा.मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश*
*”मेरे सपनों का उत्तराखंड, विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण” विषय पर होगी निबंध प्रतियोगिता*
*विजेता विद्यार्थियों को 16 सितंबर को मा.मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों में विकसित उत्तराखंड की संकल्पना के प्रति समझ विकसित करने तथा राज्य के विकास के लिए युवाओं के नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम” का आयोजन 15 जुलाई से 16 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य शिक्षाधिकारी को कार्यक्रम के समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी निर्धारित गतिविधियों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों की कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों के लिए “मेरे सपनों का उत्तराखंड, विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित विद्यार्थियों को आगामी 16 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने की भावना को सशक्त करेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जाए, ताकि युवाओं के विचार राज्य के भविष्य के निर्माण में सार्थक योगदान दे सकें।

