चंपावत 10 अगस्त 2026,
*स्वतंत्रता दिवस भव्यता और हर्षोल्लास से मनाने हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक; दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश*
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य और हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने हेतु एक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि 15 अगस्त को प्रातः 09 बजे सभी सरकारी व गैर-सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण अनिवार्य रूप से किया जाए, जबकि कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 9:30 बजे मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न होगा।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का सम्मान और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उत्सव के माहौल को और अधिक भव्य बनाने के लिए 14 व 15 अगस्त की शाम को सभी शासकीय, गैर-शासकीय व ऐतिहासिक भवनों को लो-वोल्टेज एलईडी लाइटों से प्रकाशमान किया जाएगा।
समारोह के अंतर्गत संपूर्ण जिले में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को निर्देश दिए कि वे सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और पार्कों की गहन साफ-सफाई सुनिश्चित करें तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं का रंग-रोगन कराएं। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण होगा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री रेस आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में भाषण, पेंटिंग, गोष्ठी, निबंध लेखन, गायन, स्लोगन तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अभूतपूर्व योगदान और त्याग से भली-भांति अवगत हो सके।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तिरंगा यात्रा, तिरंगा संगीत, तिरंगा प्रतिज्ञा, स्वच्छता कार्यक्रम और पौधारोपण अभियानों में जन-प्रतिनिधियों एवं आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो क्लिप और सेल्फी आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाएं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, परियोजना निदेशक अजय सिंह सहित जिले के कई अन्य प्रमुख विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे

