*मा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में टनकपुर-पूर्णागिरि क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

चम्पावत, 01 अक्टूबर 2026,

*मा. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में टनकपुर-पूर्णागिरि क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण*

*आईएसबीटी, शारदा घाट, किरोड़ा नाला, पूर्णागिरि रोपवे से लेकर चूका तक विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की दिशा में टनकपुर, माँ पूर्णागिरि एवं चूका क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गुरुवार को क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उनकी प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने 237.74 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी टनकपुर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। आईएसबीटी के निर्माण से टनकपुर में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ ही परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा पर्यटन एवं स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने 107.35 करोड़ रूपये की लागत से किए जा रहे शारदा घाट पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए शारदा घाट को पर्यटन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से बेहतर ढंग से विकसित करने तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने किरोड़ा नाला में निर्माणाधीन सेतु, माँ पूर्णागिरि यात्रा मार्ग के बाटनागाड़ क्षेत्र में किए जा रहे सुरक्षा एवं अन्य विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से बरसात एवं यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।

माँ पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 45 करोड़ रूपये की लागत से निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मा. मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत 8.10 करोड़ रूपये की लागत से ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि धाम तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर किए जा रहे आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं को रात्रि के समय सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने 4.57 करोड़ रूपये की लागत से रणकोची मंदिर में किए जा रहे पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चूका क्षेत्र में 1.87 करोड़ रूपये की लागत से विकसित किए जा रहे हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने चूका को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में वेडिंग डेस्टिनेशन प्वाइंट, निर्माणाधीन एनएचपीसी गेस्ट हाउस एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि चूका क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विकास से पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिलाधिकारी ने पर्यटकों की दृष्टि से निर्मित कॉर्बेट ट्रेल से का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के साथ ही ईको टूरिज्म एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि मा. मुख्यमंत्री की प्राथमिकता से जुड़े विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ तेजी से धरातल पर उतारा जाए। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर आने वाली बाधा का तत्काल समाधान करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर श्री प्रमोद कुमार सहित सभी संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।