*जिलाधिकारी ने गोरल चौड़ मैदान में 100 से अधिक युवाओं के अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण हेतु व्यवस्थाओं का किया अवलोकन*

चम्पावत 01 नवम्बर, 2026

*जिलाधिकारी ने गोरल चौड़ मैदान में 100 से अधिक युवाओं के अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण हेतु व्यवस्थाओं का किया अवलोकन*

*यूथ फाउंडेशन के द्वारा युवाओं को सेना में भर्ती के लिये प्रशिक्षण संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी ने किया अवलोकन*

*नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा*

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने गोरल चौड़ मैदान में यूथ फाउंडेशन द्वारा 100 से अधिक युवाओं को अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण देने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण के संचालन तथा इसके लिए आवश्यक सुविधाओं एवं सहयोग के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी श्री भारत त्रिपाठी से प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा, जिससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अभ्यास के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके और प्रशिक्षण गतिविधियों का सुचारु संचालन हो सके।

यूथ फाउंडेशन के माध्यम से युवाओं को अग्निवीर भर्ती की शारीरिक एवं लिखित परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना है। इस पहल से जनपद के युवाओं को स्थानीय स्तर पर नियमित अभ्यास करने, शारीरिक दक्षता बढ़ाने और भर्ती प्रक्रिया की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी तैयारी बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।

सेवानिवृत्त कर्नल श्री अजय कोठियाल द्वारा स्थापित यूथ फाउंडेशन युवाओं को सैन्य सेवाओं में भर्ती की तैयारी कराने के क्षेत्र में कार्य करता है। संस्था के प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को भर्ती के लिए तैयार करने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास की आदत विकसित करना है।

गोरल चौड़ मैदान में अग्निवीर प्रशिक्षण की व्यवस्था जनपद के इच्छुक युवाओं के लिए उपयोगी होगी। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को अपनी तैयारी निरंतर जारी रखने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप मेहनत करने में सहायता मिलेगी।