टनकपुर और बनबसा में बाढ़ व जलभराव का जोखिम कम करने की दिशा में ठोस कदम, दोनों जल निकासी योजनाओं की निविदाएं स्वीकृत*

चम्पावत, 16 नवंबर 2026,

*टनकपुर और बनबसा में बाढ़ व जलभराव का जोखिम कम करने की दिशा में ठोस कदम, दोनों जल निकासी योजनाओं की निविदाएं स्वीकृत*

*मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप दोनों नगरों में विकसित होगी आधुनिक जल निकासी व्यवस्था*

*बारिश के पानी की बेहतर निकासी से बाजारों और आवासीय क्षेत्रों को मिलेगी राहत, आवाजाही होगी सुगम*

माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में टनकपुर और बनबसा में बाढ़ व जलभराव का जोखिम कम करने तथा बारिश के पानी की निकासी बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की निविदाएं स्वीकृत कर दी गई हैं।

सिंचाई विभाग ने दोनों क्षेत्रों की जीआईएस आधारित जल निकासी योजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुरूप कार्यों के लिए मेसर्स एटीसी–मैकटेक संयुक्त उपक्रम की निविदाएं स्वीकार की हैं। टनकपुर के लिए जीएसटी सहित 53 करोड़ 96 लाख 81 हजार रुपये और बनबसा के लिए जीएसटी सहित 15 करोड़ 48 लाख 26 हजार रुपये की अनुबंध राशि स्वीकृत की गई है। इस सम्बन्ध में अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्य मंडल, पिथौरागढ़ ने निविदा स्वीकृति पत्र जारी किए।

इन योजनाओं में डिजिटल नक्शों और स्थानीय भौगोलिक जानकारी के आधार पर बारिश के पानी के बहाव तथा जलभराव वाले स्थानों को ध्यान में रखते हुए निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे अलग-अलग इलाकों से आने वाले बारिश के पानी को तय मार्गों से निकालने की व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।

कार्य पूरे होने पर बारिश के दौरान सड़कों, बाजारों और आवासीय गलियों में पानी जमा होने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इससे बच्चों को स्कूल जाने, लोगों को कामकाज और खरीदारी के लिए आने-जाने तथा जरूरत के समय स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुसने का जोखिम भी कम होगा। जल निकासी में इस सुधार से दोनों नगरों का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और ‘आदर्श चम्पावत’ के तहत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों को गति मिलेगी।