चम्पावत, 25 अगस्त 2025,
*आलू बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा चम्पावत, स्थानीय किसानों को मिलेगा सीधा लाभ*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद चम्पावत में बागवानी, कृषि व अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों को संगठित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उद्यान विभाग द्वारा जनपद में आलू की खेती व बीज उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु “आलू बीज उत्पादन फेडरेशन की स्थापना” जैसी नई पहल की जा रही है।
इसी क्रम में विकासखंड लोहाघाट के ग्राम बलाई स्थित पंचायत भवन में आलू बीज उत्पादन फेडरेशन की स्थापना हेतु एक खुली बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला उद्यान अधिकारी श्री हरीश लाल कोहली ने की, जिसमें ग्राम प्रधान श्री जीवन सिंह बिष्ट सहित लगभग 25 किसान उपस्थित रहे। बैठक में किसानों को फेडरेशन के गठन की प्रक्रिया, इससे होने वाले लाभ तथा आलू बीज उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारियां विस्तार से प्रदान की गईं।
बैठक में बताया गया कि फेडरेशन के माध्यम से किसानों को अब उच्च गुणवत्ता वाले आलू बीज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे उनकी बाजार पर निर्भरता कम होगी। साथ ही विपणन और वितरण की बेहतर व्यवस्था से किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
उद्यान विभाग ने चयनित गांवों से क्लस्टर आधार पर आलू बीज उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत किसानों को सर्टिफाइड बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, प्रशिक्षण दिया जाएगा, बीज का परीक्षण व प्रमाणीकरण किया जाएगा और इसे ऑर्गेनिक फार्मिंग की तर्ज पर आगे बढ़ाने की कार्ययोजना भी है।
किसानों द्वारा गठित समिति में अध्यक्ष और सचिव का चयन कर कार्यों का संचालन किया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि अभी तक जनपद में आलू के बीज बाहर से आयात करने पड़ते थे, लेकिन इस पहल से न केवल स्थानीय स्तर पर ही अच्छी गुणवत्ता के बीज उपलब्ध होंगे बल्कि अतिरिक्त बीज को अन्य जिलों में भी बेचा जा सकेगा। यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ चम्पावत को आलू बीज उत्पादन का आत्मनिर्भर केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।


