चंपावत 10 नवंबर 2025, *“राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस” पर जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला — विधिक साक्षरता के प्रति लोगों में जगाई अलख*

चंपावत 10 नवंबर 2025,
*“राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस” पर जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला — विधिक साक्षरता के प्रति लोगों में जगाई अलख*

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के 30 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), चम्पावत द्वारा “राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस” के अवसर पर जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मुख्य कार्यक्रम विकासखण्ड चम्पावत के ग्राम सिमल्टा (काण्डा) में आयोजित हुआ, जो अध्यक्ष/जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल के निर्देशन एवं सिविल जज (जू०डि०)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्री विशाल गोयल के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर पैनल अधिवक्तागण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पी०एल०वी०गण) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी – कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पी०एल०वी० श्री गोपाल चन्द्र पाण्डेय, श्री राजेन्द्र जोशी, श्री ईश्वरी दत्त जोशी, तथा पैनल अधिवक्ता श्री राजेन्द्र सिंह रंसवाल एवं श्री शम्भू दत्त ओझा आदि ने उपस्थित जनसमूह को NALSA के 30 वर्षों की उपलब्धियों, नि:शुल्क अधिवक्ता सुविधा, लोक अदालतों, और कमजोर वर्गों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के समापन सत्र में सिविल जज (जू०डि०) श्री विशाल गोयल ने सभी को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह निषेध अधिनियम, पोक्सो एक्ट, एवं अन्य प्रमुख विधिक प्रावधानों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विधिक साक्षरता ही न्याय तक सबकी समान पहुँच सुनिश्चित करने का आधार है।

विधिक सेवा दिवस के अवसर पर नगरपालिका मैदान, लोहाघाट से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस दौरान पंपलेट एवं सूचना स्टॉलों के माध्यम से जनसामान्य को उनके विधिक अधिकारों एवं नालसा योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त, तहसील चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर, पाटी एवं बाराकोट में भी पी०एल०वी०गण के सहयोग से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति सजग किया गया।