चम्पावत 05 नवंबर 2025,
*उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष पर चम्पावत कोषागार की पहल — 06 नवम्बर को आयोजित होगा विशेष पेंशन जागरूकता शिविर*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर, कोषागार चम्पावत द्वारा जनपद के सभी पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों के लिए पेंशन जागरूकता शिविर का आयोजन दिनांक 06 नवम्बर, 2025 (गुरुवार) को प्रातः 11:30 बजे से मुख्य शिक्षा अधिकारी सभागार, चम्पावत में किया जाएगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का उद्देश्य पेंशनरों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और नवीनतम तकनीकी व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि यह विशेष शिविर पेंशनरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, क्योंकि इसमें पेंशन से संबंधित विविध व्यावहारिक जानकारियों को सरल तरीके से समझाया जाएगा।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करने की पूर्ण प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें आई.एफ.एम.एस. पोर्टल के माध्यम से पेंशन संबंधी विवरण देखने की विधि, एस.जी.एच.एस. गोल्डन कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी, तथा आयकर से जुड़ी नवीनतम अद्यतन जानकारियाँ भी प्रदान की जाएंगी।
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए, पेंशनरों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, पेंशन से संबंधित अन्य प्रासंगिक विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन किया जाएगा।
वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल ने समस्त पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस उपयोगी शिविर का लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पेंशनरों को सरकारी योजनाओं, तकनीकी सेवाओं और सुरक्षा उपायों के प्रति सशक्त व आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

