चंपावत 18 फरवरी 2026,
*मुख्यमंत्री ने किया ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का वर्चुअल शुभारंभ*
*लोक संस्कृति, साहसिक पर्यटन और सुरों की महफिल से गुलजार हुआ चम्पावत*
*मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान का भी शुभारम्भ*
जनपद चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोक कला एवं पर्यटन की असीम संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया।
टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सात दिवसीय उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। उद्घाटन अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए 37 से अधिक स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों द्वारा स्थानीय उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। पुस्तक मेले में 15 से अधिक प्रकाशकों की सहभागिता रही। बनारसी साड़ी, कश्मीरी हस्तशिल्प, पारंपरिक आर्ट एवं हस्तनिर्मित उत्पादों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि, भाजपा जिलाध्यक्ष, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद चम्पावत में “मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान” का भी शुभारम्भ किया गया। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं को योग से जोड़कर स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता एवं सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयी बच्चों द्वारा उत्तराखंड की पारंपरिक वीर नृत्य शैली छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने विशेष आकर्षण बटोरा। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच के माध्यम से ‘नशा मुक्त भारत’, ‘टीबी मुक्त अभियान’ एवं एनसीडी/एनवीडीबी जैसे विषयों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर पतंगबाजी (काइट फ्लाइंग) एवं भव्य रंगोली प्रतियोगिता ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सात दिवसीय पुस्तक मेला, फोटो प्रदर्शनी, पारंपरिक वाद्य यंत्रों तथा चम्पावत के दुर्लभ पारंपरिक बर्तनों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ हुआ।
साहसिक गतिविधियों के अंतर्गत चुका क्षेत्र में ‘फील द टेंट’ कैम्पिंग, उचोलीगोंठ में पैरामोटरिंग, डंडाककई में पैराग्लाइडिंग तथा नंधौर वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी में वाइल्डलाइफ सफारी जैसी रोमांचकारी गतिविधियों ने साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई प्रदान की।
इस दौरान मा जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मा0 विधायक प्रतिनिधि चंपावत, प्रकाश तिवारी टनकपुर दीपक रजवार, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, मा0नगर पालिका अध्यक्ष, टनकपुर विपिन कुमार, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, सहित मा0 जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी/कर्मचारी बड़ी संख्या में जनता व अन्य मौजद रहे।

