चंपावत 04 नवंबर 2025,
*“जिलाधिकारी ने तहसील पाटी का किया निरीक्षण, अभिलेखों की जांच कर दी पारदर्शिता व जवाबदेही के निर्देश”*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने मंगलवार को प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु तहसील पाटी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय में रखे सभी अभिलेखों, उपस्थिति रजिस्टर एवं अवकाश रजिस्टर की गहनता से जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड्स का रखरखाव पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता और नियमित अद्यतनता के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अभिलेख त्रुटिहीन एवं सुव्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखे जाएं, जिससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बनी रहे।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने तहसील स्थित आपदा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि आपात स्थितियों की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसील भवन में अवकाश दिवसों में भी संबंधित कार्मिक की उपस्थिति हर समय सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पाटी तहसील के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में गति लाएं तथा शासन की सभी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करें, ताकि अधिकतम जन लाभ सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, खंड विकास अधिकारी श्री अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं तहसील कार्मिक उपस्थित रहे।



