*क्षेत्र पंचायत पाटी की बीडीसी बैठक में जनसमस्याओं के निस्तारण पर दिया गया जोर

चम्पावत 10 अप्रैल, 2026

*क्षेत्र पंचायत पाटी की बीडीसी बैठक में जनसमस्याओं के निस्तारण पर दिया गया जोर*

विकासखंड पाटी के पंचायत सभागार में ब्लॉक प्रमुख श्री शंकर सिंह अधिकारी की अध्यक्षता एवं खंड विकास अधिकारी सुश्री मोनिका पाल के संचालन में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व आयोजित बैठक के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभागवार विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत गागर में एक्स-रे मशीन की मांग रखी गई, वहीं नौलियागांव में एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्टाफ नर्स की तैनाती का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों द्वारा पशुपालन विभाग के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरकारी योजनाओं और अनुदान प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने हेतु कैंप लगाने और प्रधानों से समन्वय करने के प्रस्ताव प्राप्त हुए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत ढ़रौंज में शौचालय निर्माण, प्राथमिक विद्यालय टांण में बाउंड्री वॉल की मरम्मत, छतों के सुधारीकरण और विभिन्न विद्यालयों के सुधारीकरण संबंधी विस्तृत चर्चा की गई।

​विद्युत विभाग से जुड़े मामलों में खुटेली और टांण ग्राम सभाओं में बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने और लटकती हुई लाइनों को ठीक करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल आपूर्ति के संबंध में जल निगम और जल संस्थान को आपदाग्रस्त लाइनों की मरम्मत करने, पेयजल लाइनों के मिलान कार्य को पूर्ण करने और लाइन बिछाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।

पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत भवनों की सूची उपलब्ध कराने और उनके सुधारीकरण व मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार करने पर बल दिया गया।

वन विभाग से संबंधित चर्चा में ग्राम पुनौली में क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत और बंदरों के आतंक से निजात दिलाने हेतु पिंजरे लगाने की मांग की गई।

ऊर्जा विभाग (उरेडा) के अंतर्गत ग्राम चौड़ामेहता, शीला देवी मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।

​लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए विभिन्न संपर्क मार्गों, जैसे गहतोड़ा रोड की डामर मरम्मत, सुरक्षा दीवारों के निर्माण और सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उद्यान विभाग को विनवालगांव जैसे क्षेत्रों में भूमि विकास व बागवानी कार्यों को बढ़ावा देने को कहा गया।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अंतर्गत रिक्त पड़े राशन दुकानों के चयन और संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।

बैठक के दौरान मा. विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल सहित विभिन्न अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।