*“हुनरमंद युवा, कल का भविष्य” थीम पर सजा रोजगार, मार्गदर्शन और जागरूकता का मंच*

चंपावत 21 फरवरी, 2026,

*“हुनरमंद युवा, कल का भविष्य” थीम पर सजा रोजगार, मार्गदर्शन और जागरूकता का मंच*

*महोत्सव का चौथा दिन पूरी तरह युवाओं को समर्पित*

‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026’ का चौथा दिन पूर्णतः युवाओं के नाम रहा। “हुनरमंद युवा, कल का भविष्य” थीम के अंतर्गत टनकपुर में विभिन्न विभागों द्वारा रोजगार, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता एवं सुरक्षा जागरूकता से जुड़े बहुआयामी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। दिनभर युवाओं की ऊर्जावान उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता ने महोत्सव को नई दिशा और सशक्त संदेश प्रदान किया।

सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित वृहद रोजगार मेले में प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के विविध अवसर उपलब्ध कराए। सैकड़ों युवाओं ने पंजीकरण कर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। इस मंच ने न केवल निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान किए, बल्कि स्वरोजगार एवं कौशल आधारित उद्यमिता की संभावनाओं से भी युवाओं को जोड़ने का कार्य किया।

तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कैरियर काउन्सलिंग सत्र में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के विविध पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रियाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। युवाओं ने अपनी रुचि, योग्यता और लक्ष्य के अनुरूप मार्गदर्शन प्राप्त कर अपने करियर पथ को स्पष्ट किया।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित यूथ पार्लियामेंट में छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यवहारिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली वक्तव्यों और तार्किक बहसों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और संवैधानिक समझ का परिचय दिया। कार्यक्रम ने युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजगता को सुदृढ़ किया।

पुलिस विभाग द्वारा आयोजित कार्यशाला में साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के उपायों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने युवाओं को सतर्कता, तकनीकी समझ और सामुदायिक सहयोग के महत्व से अवगत कराया।