चंपावत 12 फरवरी 2026,
*लोहाघाट में आयोजित हुआ किसान दिवस; विभागीय योजनाओं की दी जानकारी, समस्याओं का मौके पर समाधान*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनपद के विकासखंड लोहाघाट मुख्यालय में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियाँ अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एग्रीस्टैक (Agri Stack), सिंचाई सुविधाओं, उद्यान विकास, पशुपालन, सहकारिता एवं अन्य कृषि संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही किया गया। प्रगतिशील कृषक श्री भैरव दत्त राय, डॉ. राजेंद्र पुनेठा, श्री रमेश राम एवं श्री राकेश उपाध्याय सहित अन्य कृषकों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) से संबंधित समस्याएँ, खेतों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग, मल्चिंग शीट उपलब्ध कराने, उन्नत बीजों की आपूर्ति, जियोलाइन टैंक निर्माण तथा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय उठाए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कृषि विविधीकरण, फल एवं फूल उत्पादन तथा जल संरक्षण के विषय में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संबंधित अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक प्रस्ताव संज्ञान में लिए तथा अनेक प्रकरणों का समाधान तत्काल किया।
किसान दिवस का यह आयोजन प्रशासन एवं कृषकों के बीच प्रभावी समन्वय का सशक्त उदाहरण रहा, जिसमें किसानों को योजनाओं से जोड़कर कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, मुख्य कृषि अधिकारी श्रीमती संतोषी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सचिन एवं डॉ. अविकल, जिला उद्यान अधिकारी श्री मोहित मल्ली, सहकारिता विभाग से श्री प्रेम प्रकाश, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से डी.डी.एम. महोदया, खंड विकास अधिकारी लोहाघाट श्री के.एस. रावत, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख श्री किशोर रावत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कृषकों ने प्रतिभाग किया।

