*जनपद में गैस आपूर्ति पूर्णतः सुचारू, अफवाहों से बचें और अनावश्यक भंडारण न करें: जिलाधिकारी*

चम्पावत 28 मार्च, 2026

*जनपद में गैस आपूर्ति पूर्णतः सुचारू, अफवाहों से बचें और अनावश्यक भंडारण न करें: जिलाधिकारी*

जनपद चम्पावत में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस की आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण (होल्डिंग) करने से बचें।

जिलाधिकारी ने बताया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत सरकार एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से गैस आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखा गया है। जनपद में घरेलू गैस की आपूर्ति पूर्व की मांग के अनुरूप 100 प्रतिशत सुनिश्चित की जा रही है। वहीं व्यावसायिक गैस (कमर्शियल सिलेंडर) के कोटे में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। पूर्व में 50 प्रतिशत निर्धारित कोटे को बढ़ाकर अब 70 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी।

उन्होंने अवगत कराया कि कुछ उपभोक्ताओं को डीएसी (Delivery Authentication Code) अथवा एसएमएस प्राप्त न होने की तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही सुदूरवर्ती एवं कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों के लिए विशेष छूट प्रदान करने पर भी विचार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने आंकड़ों के आधार पर जानकारी दी कि जनपद में पूर्व में प्रतिदिन लगभग 1000 गैस सिलेंडरों की खपत होती थी, जो वर्तमान में बढ़कर 1200 से 1300 सिलेंडर प्रतिदिन हो गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि आपूर्ति मांग के अनुरूप की जा रही है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि प्रशासन द्वारा निर्धारित गैस वितरण रोस्टर का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस प्राप्त करने में कोई समस्या आती है, तो वे सबसे पहले संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर जिला पूर्ति अधिकारी (DSO), संबंधित तहसीलदार अथवा उपजिलाधिकारी से भी संपर्क किया जा सकता है।

जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए इंडेन गैस द्वारा विभिन्न डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। गैस संबंधी जानकारी हेतु 7588888824 पर संपर्क किया जा सकता है। रिफिल बुकिंग के लिए 8454955555 पर मिस्ड कॉल या IVRS नंबर 7718955555 का उपयोग किया जा सकता है।

उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित रोस्टर का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से गैस वितरण प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।