चंपावत 20 अगस्त 2025,
*दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचीं : ग्राम पंचायत बकोड़ा में लगा स्वास्थ्य शिविर, 82 ग्रामीणों को मिला लाभ*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार बुधवार को जनपद चंपावत की ग्राम पंचायत बकोड़ा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एकदिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को उनके गाँव में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटे-मोटे इलाज और जांच के लिए शहरों तक न जाना पड़े।
शिविर में कुल 82 ग्रामीण लाभान्वित हुए। स्वास्थ्य टीम ने सर्दी-जुकाम, बुखार, पेट दर्द, घुटनों का दर्द जैसी सामान्य बीमारियों की जांच की। साथ ही गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया और वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
इसके अतिरिक्त शिविर में बी.पी., शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच की गई, जिसमें लगभग सभी परिणाम सामान्य पाए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को जीवनशैली, खानपान और नियमित स्वास्थ्य जांच की महत्ता के बारे में भी जागरूक किया। दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं तथा आवश्यकतानुसार परामर्श दिया गया।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से उन्हें न केवल स्वास्थ्य सेवाएँ घर-घर पर मिल रही हैं, बल्कि समय और आर्थिक बोझ से भी राहत मिल रही है।
ग्राम प्रधान श्री रविंद्र रावत ने कहा कि “गांव के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अक्सर शहरों तक जाना पड़ता है। ऐसे शिविर ग्रामीणों के लिए बहुत मददगार साबित हो रहे हैं।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है कि जिले के हर गाँव और दूरस्थ क्षेत्र तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचें। उन्होंने बताया कि “भविष्य में भी जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में इस तरह के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रह सके।”



