*होली के दृष्टिगत चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: मिठाई की दुकानों और मॉल में छापेमारी*

चंपावत 25 फरवरी 2026,

*होली के दृष्टिगत चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: मिठाई की दुकानों और मॉल में छापेमारी*

*खोया, बर्फी और गुजिया के नमूने लिए गए; गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही*

आगामी होली के त्योहार को देखते हुए आम जनमानस को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जनपद में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के कड़े निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को चम्पावत मार्केट में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान अभियान दल ने चम्पावत बाजार स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों और शॉपिंग मॉल्स का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों— खोया, बर्फी, मैदा और गुजिया के कुल 03 नमूने संग्रहित किए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने बताया कि इन नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय प्रयोगशाला (Lab) भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरी रोकने के उद्देश्य से खाद्य कारोबारकर्ताओं को पुनः निर्देशित किया गया है कि वे केवल उच्च गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों का ही निर्माण और विक्रय सुनिश्चित करें। सफाई व्यवस्था और मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह निरीक्षण अभियान होली तक पूरे जनपद में निरंतर जारी रहेगा ताकि मिलावटखोरों पर नकेल कसी जा सके।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे जागरूक बनें और किसी भी प्रकार की मिलावट की शंका होने पर तत्काल विभाग को सूचित करें।
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी एवं सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से सम्मिलित रहे।