*छिनीगोठ क्षेत्र में संभावित बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण, जल निकासी एवं सुरक्षा हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश*

चंपावत 07 मई 2025, सूवि।

*छिनीगोठ क्षेत्र में संभावित बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण, जल निकासी एवं सुरक्षा हेतु त्वरित कार्रवाई के निर्देश*

जिलाधिकारी नवनीत पांडे के निर्देशानुसार आगामी मानसून सत्र को ध्यान में रखते हुए उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी व सम्बंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से छिनीगोठ क्षेत्र में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग एवं सेना के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का जायज़ा लिया और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों को जल प्रवाह को नियंत्रित करने हेतु बंद पड़े नालों की तत्काल सफाई तथा जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बाढ़ से बचाव हेतु आवश्यकतानुसार बांध निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

सिंचाई विभाग एवं सेना द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए नालों की सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे कि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण किया जाए एवं सुरक्षा उपायों को धरातल पर उतारा जाए।

प्रशासन द्वारा जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित सेना के अधिकारी व अन्य मौजूद रहे।