चम्पावत 08 अप्रैल 2025
मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी नवनीत पांडे की अध्यक्षता में क्षतिपूरक वृक्षारोपण हेतु प्रतिपूरक वनरोपण (Compensatory Afforestation) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, परियोजना से जुड़े प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य विकास परियोजनाओं और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ लेकर सुनियोजित विकास करना था।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि प्रतिपूरक वनरोपण से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध ढंग से एवं गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पौधारोपण स्थलों का जमीनी सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा जियो-टैगिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि निगरानी में पारदर्शिता बनी रहे।
*जिलाधिकारी ने कहा, “वनों की क्षतिपूर्ति केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हमारी जिम्मेदारी है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”चम्पावत जिले का संतुलित विकास हमारी प्राथमिकता है। पर्यावरण संरक्षण एवं बुनियादी ढांचे का विकास साथ-साथ चलना चाहिए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारें।”*
बैठक में आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई और सभी विभागों को समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
चर्चा में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में भूमि सीमित है और विकास कार्यों की आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है। इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। विशेष रूप से जिन सड़कों का सामाजिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्व अधिक है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा, “हमारे सामने दोहरी चुनौती है—एक ओर पर्यावरण की रक्षा और दूसरी ओर अधोसंरचना का विकास। सीमित भूमि संसाधनों के बीच हमें संतुलित निर्णय लेकर कार्य करना होगा।” उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा करें तथा आपसी समन्वय से कार्यों की गति को सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नवीन पंत, अपर जिला अधिकारी जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी चंपावत अनुराग आर्या, टनकपुर आकाश जोशी, लोहाघाट नितेश डांगर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहन सिंह पलड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


