*योग से स्वस्थ जीवन की ओर: चम्पावत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ तेज़

चम्पावत 23 मई, 2025

*योग से स्वस्थ जीवन की ओर: चम्पावत में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ तेज़*

*“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर आयोजित हो रहे जनजागरूकता कार्यक्रम*

जनपद चम्पावत में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2025) के उपलक्ष्य में योग काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला सक्रिय रूप से जारी है। विभिन्न स्थलों पर योग सत्रों का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही प्रचार वाहन के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में आम नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखी जा रही है।

*पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति ने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह करते हुए नियमित योगाभ्यास हेतु प्रोत्साहित किया*। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग एक सरल, सुलभ और प्रभावी साधन है।

उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पुलिस बल के जवान भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” निर्धारित की गई है। इस थीम के अनुरूप ग्राम पंचायत स्तर, विकासखंड स्तर, शैक्षणिक संस्थानों और सुरक्षा बलों के सहयोग से योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी सत्र कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार संचालित किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इन आयोजनों में अधिकाधिक भाग लेकर योग से लाभान्वित हों और एक स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हों।