खेतीखान में विवाह समारोह के अवसर पर जिलाधिकारी चम्पावत द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) पंजीकरण हेतु जनजागरूकता।

19 अप्रैल 2025 चम्पावत सूवि

खेतीखान में विवाह समारोह के अवसर पर जिलाधिकारी चम्पावत द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) पंजीकरण हेतु जनजागरूकता।

जिलाधिकारी चम्पावत श्री नवनीत पाण्डे द्वारा विकास खण्ड पाटी अंतर्गत खेतीखान में आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए वहाँ उपस्थित समस्त ग्रामवासियों, अतिथियों को संबोधित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कार्तिक पुत्र श्री भैरव दत्त औली एवं रश्मि पुत्री श्री हेमचंद गहतोड़ी को विवाह की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) के अंतर्गत चल रहे नागरिक पंजीकरण अभियान की जानकारी साझा की एवं लोगों से इस महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामवासियों को पंजीकरण की अनिवार्यता, प्रक्रिया की सरलता और इसके दीर्घकालिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

जिलाधिकारी श्री पाण्डे ने मौके पर ही उपस्थित नागरिकों की शंकाओं का समाधान भी किया, जिससे लोगों में पंजीकरण को लेकर फैली भ्रांतियाँ दूर हुईं और वे अधिक उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित हुए।

जिला प्रशासन चम्पावत द्वारा निरंतर यह प्रयास किया जा रहा है कि UCC पंजीकरण अभियान अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँचे और सभी नागरिक समयबद्ध रूप से पंजीकरण कर इस महत्त्वपूर्ण पहल का हिस्सा बन सकें।