चम्पावत 31 जनवरी 2026,
*जन-जन की सरकार कार्यक्रम में मिली शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही, डुमडई में स्लिप क्लियरेंस व पेडू मार्ग की सफाई*
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत मंडलक क्षेत्र में आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के समक्ष डुमडई क्षेत्र में सड़क पर आए स्लिप (मलबा) तथा पेडू मार्ग पर जमा गंदगी की समस्या रखी।
जिलाधिकारी ने मौके पर ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, लोहाघाट को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में विभागीय टीम द्वारा डुमडई क्षेत्र में मार्ग पर गिरे मलबे को हटाने हेतु मशीनरी एवं कार्मिकों को तैनात किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क से स्लिप हटाकर मार्ग को पुनः यातायात हेतु सुचारु कर दिया गया।
इसी क्रम में पेडू मार्ग पर जमा मलबा एवं गंदगी की भी सफाई कराई गई, जिससे मार्ग की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की पहुँच सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

