चंपावत 17 जून 2025,
*राज्य महिला उद्यमिता विकास परिषद अध्यक्ष रेनू अधिकारी का भ्रमण एवं समीक्षा दौरा संपन्न*
राज्य महिला उद्यमिता विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती रेनू अधिकारी ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान लोहाघाट एवं चंपावत में महिला उद्यमिता तथा शिल्प विकास से संबंधित कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मा. अध्यक्ष द्वारा प्रगति महिला ग्राम संगठन द्वारा संचालित लौहशिल्प ग्रोथ सेन्टर, लोहाघाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं एवं लौह शिल्पियों द्वारा तैयार किए जा रहे कढ़ाई, तवा, फ्राईपेन, इनडेक्शन कढ़ाई, कृषि यंत्र आदि उत्पादों की सराहना की। शिल्पी अमित द्वारा ग्रोथ सेन्टर में निर्मित उत्पादों की प्रक्रिया की जानकारी दी गई, साथ ही नवाचार के रूप में लौह प्रेशर कुकर निर्माण की पहल से भी उन्हें अवगत कराया गया। ग्रोथ सेन्टर की स्थापना एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु उन्होंने उद्योग विभाग को धन्यवाद दिया।
मा. अध्यक्ष ने विकासखण्ड सभागार लोहाघाट में एससीपी योजनान्तर्गत दो माह के ऐंपण शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केन्द्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अनेक स्वरोजगारपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकती हैं। ऐंपण शिल्प की सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए इससे स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
महाप्रबन्धक उद्योग पंकज तिवारी ने बताया कि 25 अनुसूचित जाति की महिलाओं को मास्टरकाफ्टमेन अपर्णा पनेरू के माध्यम से मानदेय युक्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसमें विभिन्न सॉविनियर उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
मा. अध्यक्ष ने चंपावत स्थित जिला उद्योग केन्द्र के सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लाभान्वित लाभार्थियों से भी दूरभाष पर संवाद किया एवं विभागीय सहयोग की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने महाप्रबन्धक उद्योग श्री पंकज तिवारी को महिलाओं को अधिक से अधिक उद्यमिता प्रशिक्षण से जोड़ने, योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा समन्वयात्मक कार्यशैली अपनाते हुए उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश चन्द्र तिवारी, श्री जनार्दन चिलकोटी (पूर्व आरसेटी निदेशक), वार्ड मेंबर प्रेमा चिलकोटी एवं जिला ख़ादी ग्रामोद्योग अधिकारी राजीव पाठक, भाजपा मण्डल अध्यक्ष गिरीश सिंह कुंवर, कैलाश पाण्डेय, नरेश फर्त्याल, विकास नेगी, प्रिया रावत, मोनिका सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।




