*गन्ना फसल से चंपावत में रिवर्स पलायन को मिलेगा बल: राज्य गन्ना परिषद उपाध्यक्ष श्री मनजीत सिंह*

चंपावत 04 जून, 2025

*गन्ना फसल से चंपावत में रिवर्स पलायन को मिलेगा बल: राज्य गन्ना परिषद उपाध्यक्ष श्री मनजीत सिंह*

*स्थानीय गन्ना वैरायटी के संरक्षण व नवाचारों से किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल*

आज विकास भवन सभागार में राज्य गन्ना परिषद के उपाध्यक्ष श्री मनजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चंपावत जनपद में नकदी फसल गन्ना के उत्पादन को लेकर अभिनव प्रयासों पर बल दिया गया। उपाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि चंपावत जैसे सीमांत जिले में गन्ने की खेती न केवल किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करेगी, बल्कि पलायन रोकने में भी एक सार्थक पहल साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि जिले की भूमि विविध फसलों के लिए उपयुक्त है और गन्ने जैसी नकदी फसल में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। शुरुआती चरण में गन्ने की स्थानीय प्रजातियों का संरक्षण करते हुए उत्पादन बढ़ाया जाए तथा किसानों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

श्री सिंह ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री एवं मा0 मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश व प्रदेश तेजी से प्रगति कर रहा है, और चंपावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। जनपद के किसान खेती को आजीविका का माध्यम बनाकर अन्य लोगों को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने बैठक में कहा कि जनपद की बंजर भूमि को उपयोग में लाकर गन्ना उत्पादन की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इससे न केवल भूमि उपजाऊ बनेगी, बल्कि किसानों को नकदी फसलों का सीधा लाभ मिलेगा।

बैठक का संचालन मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार ने किया, जिन्होंने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं व गन्ना उत्पादन के संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी।

*बैंक सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपाध्यक्ष ने महिलाओं को किया सम्मानित*

बैठक उपरांत उपाध्यक्ष श्री मंजीत सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय बैंक सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहीं महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर सहायक परियोजना निदेशक सुश्री विमी जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बैंकिंग कार्य प्रणाली, निवेश प्रक्रिया, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना तथा साइबर सुरक्षा आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, ईई लघु सिंचाई श्री विमल कुमार सुंठा, जिला उद्यान अधिकारी श्री मोहित मल्ली तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।