खनिज न्यास समिति की बैठक सम्पन्न* *खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को गति: जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की समीक्षा बैठक में कई निर्णय*

चंपावत 19 जून 2025,

*खनिज न्यास समिति की बैठक सम्पन्न*

*खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को गति: जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की समीक्षा बैठक में कई निर्णय*

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMFT) श्री नवनीत पांडे की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के सतत विकास और कल्याणकारी योजनाओं को गति देने के लिए कई निर्णय लिए गए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 में किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ 2025-26 के लिए निधि के प्रभावी उपयोग, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी श्री पांडे ने निर्देश दिए कि खनन प्रभावित व्यक्तियों व क्षेत्रों के हित में चलाई जा रही परियोजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आवंटित धनराशि का प्रभावी और समयबद्ध उपयोग करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर उपयोगिता प्रमाण पत्र (UCs) प्रस्तुत किए जाएं। पूर्व में स्वीकृत परियोजनाओं की भौतिक प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं तय मानकों के अनुरूप और समयसीमा में पूर्ण हों।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु प्राप्त प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया, जिनमें ग्राम पंचायत नीडल (ब्लॉक लोहाघाट) में खनन न्यास मद से सोलर हैंड पंप की अधिस्थापना – ₹24.96 लाख, जीजीआईसी लोहाघाट से सेरीगैर तक संपर्क मार्ग में इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण – ₹28.81 लाख, नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास टनकपुर में कंप्यूटर व एक्सेसरीज हेतु – ₹5 लाख, कस्तूरबा गांधी हॉस्टल में गेट व शौचालय की मरम्मत – ₹10 लाख, ग्राम पंचायत दुधौरी के घटखोला में क्षतिग्रस्त पुल निर्माण – ₹4.59 लाख, ग्राम पंचायत दुधौरी में सार्वजनिक शौचालय व मिनी प्लास्टिक कलेक्शन सेंटर के पास सुरक्षा दीवार निर्माण तथा झालाकुड़ी में पैदल पुलिया निर्माण – ₹9.50 लाख शामिल है।

बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण तथा कौशल विकास जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में निवेश पर विशेष बल दिया गया। साथ ही अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण और राजस्व संग्रह बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ, ताकि जिला खनिज फाउंडेशन न्यास में नियमित योगदान सुनिश्चित हो सके।

बैठक में मा. विधायक लोहाघाट श्री खुशाल सिंह अधिकारी, पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, प्रभागीय वनाधिकारी श्री नवीन चंद्र पंत, अपर जिलाधिकारी श्री जयवर्धन शर्मा, उप जिलाधिकारी चंपावत श्री अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी (वीसी के माध्यम से), उप जिलाधिकारी श्री अलकेश नौडियाल, जिला खनन अधिकारी श्रीमती चित्रा जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मेहरबान सिंह बिष्ट, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत पांडे, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री देवेंद्र पटवाल, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट श्री करन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।