चम्पावत 02 नवंबर 2025,
*रजत जयंती स्थापना वर्ष के कार्यक्रमों का तीसरा दिन रहेगा जनभागीदारी और विकास के रंगों से सराबोर*
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती) के ऐतिहासिक अवसर को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से, जनपद चंपावत में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में 01 से 11 नवम्बर, 2025 तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर इन आयोजनों को सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में, 03 नवम्बर 2025 को राज्य स्थापना दिवस समारोह के तीसरे दिन जनपद भर में जन-कल्याणकारी और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दिन पशु चिकित्सालय चंपावत एवं पाटी में एनिमल हेल्थ एंड डिजीज कंट्रोल वैक्सीनेशन अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य पशुपालकों को टीकाकरण और पशु स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना रहेगा।
विकासखंड स्तर पर स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण उत्पादकों और स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का अवसर मिल सके।
इसी के साथ, सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के तहत मनरेगा श्रमिक पंजीकरण एवं अन्य संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम का आयोजन जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, ग्राम आमनी और ग्राम नायकगोठ में वाइब्रेंट विलेज जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रपति जी का अभिभाषण सामूहिक रूप से देखा और सुना जाएगा।
राजकीय पॉलिटेक्निक लोहाघाट में ट्रैक एंड फील्ड, थ्रो, कूद और इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
वहीं, दुग्ध समितियों में सदस्य जोड़ो अभियान चलाया जाएगा, और राजकीय नर्सिंग कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता, जबकि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में वाद-विवाद एवं स्केचिंग प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि रजत जयंती वर्ष के ये कार्यक्रम न केवल उत्सव का प्रतीक हैं, बल्कि उत्तराखण्ड की उपलब्धियों, जनसहभागिता और विकास यात्रा का उत्सव भी हैं। उन्होंने सभी विभागों से आग्रह किया कि समर्पण और समन्वय से यह सुनिश्चित करें कि चंपावत के ये आयोजन यादगार और प्रेरणादायी बनें।

