पूर्णागिरी मेला क्षेत्र में निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 2905 मरीजों का उपचार।
बनबसा -मां पूर्णागिरी मेला क्षेत्र कैनाल में सीमान्त सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शिविर में चार दिनों में 2905 मरीजों का उपचार किया जा चुका है।शिविर के संयोजक ललित सिंह कुंवर ने बताया कि मां पूर्णागिरी धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी इस शिविर का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविर 29 मार्च तक लगातार संचालित रहेगा और प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। शिविर में 8 बेड 2 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर,नेबुलाइज़र मशीन और आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से मौके पर ही पैथोलॉजी लैब, ईसीजी और एक्स-रे जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। मरीजों को सभी प्रकार के इंजेक्शन, आईवी ड्रिप, निःशुल्क दवाइयां तथा नेत्र जांच के बाद जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे वितरित किए जा रहे हैं।चार दिनों के आंकड़ों के अनुसार 185 लोगों की शुगर जांच, 1400 लोगों का ब्लड प्रेशर परीक्षण, 45 मरीजों की ड्रेसिंग और 71 इंजेक्शन लगाए गए हैं। इसके अलावा 3 मरीजों के ईसीजी किए गए, 2 मरीजों को फ्लूइड चढ़ाया गया तथा 44 लोगों के रक्त परीक्षण किए गए। नेत्र सेवाओं के अंतर्गत 942 लोगों की जांच कर 590 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
शिविर में स्थानीय युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है। शिविर में बेहोशी, अत्यधिक कमजोरी, मिर्गी के दौरे और जलने जैसे गंभीर मामलों का भी मौके पर उपचार किया गया, जिससे मरीजों को त्वरित राहत मिल सकी।शिविर में डॉ. राज श्रीवास्तव, आनंद मल्ल (लैब टेक्नीशियन), सपना मल्ल (नर्स), सिमरन चंद, किशोर जोशी और रघुनाथ सिंह रावत, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. रमांश गुप्ता, डॉ. शुभम गुप्ता और फार्मासिस्ट बृजेश, डॉ. रोशन तरुण, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. वेदांत अग्रवाल और फार्मासिस्ट देवेंद्र अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सीमान्त सेवा फाउंडेशन की ओर से फार्मासिस्ट संकेट राज के साथ सीमांत अस्पताल की टीम के सदस्य पंकज पंत, जय सोनी, अमित पटेल, अमित पांडे और आशीष बोहरा भी निरंतर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

