चम्पावत 23 सितंबर 2025,
*परमवीर चक्र विजेताओं को उत्तराखंड सरकार देगी 1.5 करोड़ रुपये का एकमुश्त अनुदान*
उत्तराखंड सरकार ने वीर सैनिकों एवं उनकी विधवाओं के सम्मान में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुसार, अब परमवीर चक्र से अलंकृत सैनिकों तथा उनकी विधवाओं को 1.5 करोड़ रुपये का एकमुश्त अनुदान प्रदान किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार की ओर से सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान का प्रतीक है। पहले यह अनुदान राशि 50 लाख रुपये थी, जिसे अब बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
यह निर्णय राज्य में वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों और उनकी विधवाओं को दिए जाने वाले वार्षिक एवं एकमुश्त अनुदानों के पुनर्निर्धारण का हिस्सा है। इससे न केवल सैनिकों और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनके त्याग और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक याद रखने में भी मदद मिलेगी।
सरकार का यह कदम उत्तराखंड की वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा को सशक्त करने और सैनिकों के परिवारों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

