चंपावत 01 जुलाई 2025,
*मुख्यमंत्री की सौगात से चंपावत अस्पताल में अब दो एक्स-रे मशीनें, डिजिटल तकनीक से सुसज्जित नई व्यवस्था शुरू*
जनपद चंपावत के नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी राहत और सौगात
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के प्रयासों से जिला अस्पताल चंपावत को अब दो एक्स-रे मशीनों की सुविधा मिलने वाली है। इस व्यवस्था से अस्पताल में आने वाले मरीजों को न केवल बेहतर एक्स-रे सेवाएं मिलेंगी, बल्कि समय की भी बचत होगी और रिपोर्टिंग की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
*जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा खनन न्यास मद से ₹2.48 लाख की धनराशि स्वीकृत एवं अवमुक्त कर दी है जिससे, एक्स-रे मशीन की स्थापना कर उसे कार्यशील कर दिया जाएगा।*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि— अब तक जिला अस्पताल में केवल एक ही 150 mA क्षमता की एक्स-रे मशीन कार्यरत थी, जिससे अधिक मरीज होने की स्थिति में समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो जाता था। अब अस्पताल में स्थापित की गई नई *500 mA क्षमता की डिजिटल एक्स-रे मशीन अत्याधुनिक तकनीक से युक्त है, जिससे बेहतर गुणवत्ता वाली डिजिटल रिपोर्ट प्राप्त होगी और रोगी का उपचार और अधिक सटीकता से किया जा सकेगा।* इसके साथ ही अब अस्पताल में एक साथ दो एक्स-रे मशीनों से कार्य संभव होगा, जिससे रोगियों की भीड़ का दबाव कम होगा और उन्हें समय पर सेवाएं मिल सकेंगी।
इस पहल से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता आएगी, बल्कि दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों को लंबी प्रतीक्षा से भी राहत मिलेगी। यह जिला प्रशासन द्वारा जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में किया गया एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी कदम है।
*जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त एवं सुलभ बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। अस्पताल में मरीजों को बेहतर सेवाएं मिलें, इसके लिए संसाधनों को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए हैं कि नई मशीन का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए और सभी तकनीकी व मानव संसाधन समयबद्ध रूप से उपलब्ध रहें।*

