चम्पावत 14 नवंबर 2026,
*मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी पहल: आईटीबीपी और पशुपालन विभाग के समन्वय से स्थानीय पशुपालकों को मिला सुदृढ़ बाजार*
*सीमांत क्षेत्र में पशुपालकों के आर्थिक सशक्तीकरण की नई पहल; आईटीबीपी लोहाघाट को स्थानीय स्तर से 459 किलोग्राम जीवित मुर्गियों की सफल आपूर्ति*
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) एवं उत्तराखंड शासन के पशुपालन विभाग के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के क्रियान्वयन के क्रम में आज जनपद चम्पावत के स्थानीय पशुपालकों द्वारा छत्तीसवीं वाहिनी ITBP, लोहाघाट को 459 किलोग्राम जीवित मुर्गियों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की गई।
यह महत्वपूर्ण आपूर्ति माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं माननीय पशुपालन मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने अवगत कराया कि संपूर्ण आपूर्ति प्रक्रिया के दौरान मुर्गियों के वजन, स्वास्थ्य, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की गई।
इस पहल की सर्वप्रमुख विशेषता यह है कि यह संपूर्ण आपूर्ति जनपद के स्थानीय पशुपालकों के माध्यम से की गई है, जिससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के विपणन हेतु एक सुनिश्चित एवं संस्थागत बाजार उपलब्ध हो रहा है।
इस व्यवस्था से सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसरों का सृजन होने के साथ-साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल एवं पशुपालन विभाग का यह आपसी समन्वय सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं को स्थानीय उत्पादन से जोड़ने तथा ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध हो रहा है।
आपूर्ति प्रक्रिया के दौरान ITBP की ओर से द्वितीय कमान अधिकारी (सेकेंड-इन-कमांड) डॉ. सूबे सिंह एवं लाइन कमेटी के सदस्य तथा पशुपालन विभाग की ओर से मुख्य पशु चिकित्साधिकारी चम्पावत डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल, डॉ. खालिद एवं डॉ. दीपक उपस्थित रहे।

