चम्पावत, 20 जुलाई 2026
*मा. मुख्यमंत्री के त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के संकल्प को मिला धरातल पर स्वरूप, दिव्यांगजन को मौके पर मिली व्हीलचेयर व बैसाखी*
*जनता मिलन में 96 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण, 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाए गए*
*मा. मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप लाभार्थियों को मिली तत्काल राहत, खतौनी संशोधन से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र तक कई सेवाएं मौके पर उपलब्ध*
मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों एवं प्रत्येक जरूरतमंद तक त्वरित सहायता पहुंचाने के संकल्प के अनुरूप सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम लाभार्थी-केंद्रित सुशासन का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
जनता मिलन में कुल 96 आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का संबंधित विभागों द्वारा तत्काल निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों की मरम्मत, सुरक्षा दीवार निर्माण, किसान सम्मान निधि, सड़क, पेयजल, भूमि संबंधी प्रकरण, राशन कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।*
मा. मुख्यमंत्री के संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप ग्राम बिरगुल निवासी दिव्यांग किशन सिंह को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से तत्काल व्हीलचेयर एवं बैसाखी उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली। इसी प्रकार जनता मिलन में पहुंचे 14 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाकर उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया।
ग्राम तल्ला बामन निवासी भूपाल सिंह ने खतौनी में नाम त्रुटिपूर्ण दर्ज होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम लोहाघाट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसी दिन खतौनी में उनका नाम संशोधित करा दिया, जिससे लाभार्थी को राजस्व अभिलेखों में सुधार का लाभ तुरंत मिल सका।
इसी क्रम में गुमौद, पोस्ट बापरू निवासी मधी देवी का मृत्यु प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किया गया। वहीं ग्राम सिलिंगढाक निवासी विमला देवी द्वारा निवास प्रमाण पत्र नहीं बनने की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
ग्राम भैरवा निवासी अनिल सिंह तड़ागी ने किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त न होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उसी दिन आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनता मिलन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि लोगों को तत्काल राहत और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर एसडीएम बी.सी. पंत, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

