*चम्पावत 21 जून, 2026

*​चल्थी क्षेत्र के वायरल वीडियो पर प्रभारी जिला खान अधिकारी ने दी आधिकारिक जानकारी, स्थिति को किया स्पष्ट*

​जनपद चम्पावत के चल्थी क्षेत्र में मशीनों द्वारा अवैध खनन किए जाने के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है।

प्रभारी जिला खान अधिकारी डॉ. हरीश बिष्ट ने इस विषय में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो पुराना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस स्थान को अवैध खनन का बताया जा रहा है, वह वास्तव में एक अधिकृत रिवर ट्रेनिंग क्षेत्र है। इस क्षेत्र में नियमानुसार कार्य करने के लिए जिला स्तर से रिवर ट्रेनिंग की बाकायदा अनुमति प्रदान की गई है। इसके साथ ही, मुख्यालय स्तर से भी कतिपय अनिवार्य शर्तों के अधीन जेसीबी मशीन के उपयोग की भी विधिवत अनुमति दी गई थी।

प्रभारी जिला खान अधिकारी डॉ. हरीश बिष्ट ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि उक्त चिन्हित स्थल पर रिवर ट्रेनिंग का कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया गया है। वर्तमान में उस स्थान पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस रिवर ट्रेनिंग कार्य के अंतर्गत नदी के बहाव को सुचारू बनाने के लिए उसे चैनल के मध्य में सेंट्रलाइज (केंद्रीयकृत) कर दिया गया है। विभाग के अनुसार, इस वैज्ञानिक प्रक्रिया और सुधारात्मक कार्य से भविष्य में आने वाली किसी भी संभावित आपदा के दृष्टिगत क्षेत्र को सुरक्षित रखने और बचाव कार्य में बड़ी मदद मिल सकेगी।

इसके साथ ही प्रभारी जिला खान अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा अवैध खनन की रोकथाम हेतु लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

विभाग द्वारा आम जनता से विशेष अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली ऐसी किसी भी भ्रामक व असत्यापित खबर पर विश्वास न करें और न ही इसे आगे साझा करें। किसी भी क्षेत्र में खनन कार्य या विभागीय गतिविधियों से संबंधित सही व प्रामाणिक जानकारी प्राप्त करने के लिए भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग से संपर्क करें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचा जा सके।