चम्पावत, 05 अगस्त 2026
*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा हो रही साकार, बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से बन रहा सैनिक स्मारक अंतिम चरण में*
*जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, लगभग 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जनपद चम्पावत के बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का कार्य अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने ओ. कैप्टन भानी चन्द (सेवानिवृत्त) एवं नगर पंचायत बनबसा के जूनियर इंजीनियर श्री प्रकाश चंद के साथ निर्माणाधीन सैनिक स्मारक का स्थलीय निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सैनिक स्मारक का लगभग 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अब केवल जनपद चम्पावत के वीर शहीदों के नाम स्मारक पर उत्कीर्ण किए जाने का कार्य शेष है। इसके लिए जनपद के 62 शहीदों की प्रमाणित सूची कार्यदायी संस्था नगर पंचायत परिषद बनबसा के अधिशासी अधिकारी को उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा शीघ्र ही यह कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा ।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि सैनिक स्मारक का निर्माण अत्यंत उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ किया गया है तथा यह उनकी परिकल्पना एवं अपेक्षाओं के अनुरूप आकार ले चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्मारक पूर्ण होने के बाद यह जनपद चम्पावत के वीर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली गाथा का प्रतीक बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह सैनिक स्मारक केवल एक संरचना नहीं, बल्कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञ राष्ट्र की श्रद्धांजलि है। यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता की प्रेरणा देगा तथा जनपदवासियों के लिए गर्व का केंद्र बनेगा।
जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि शीघ्र ही सैनिक स्मारक जनसामान्य को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनपद के वीर शहीदों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है, जो उनकी अमर गाथाओं को सदैव जीवंत रखेगी।



