चम्पावत 28 अक्टूबर, 2026

*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चंपावत में सड़क सुविधाओं को मिल रही मजबूती*

*सूखीढाँग,श्यामलाताल,काँडा मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 101.53 लाख रुपये स्वीकृत*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन ने विधानसभा क्षेत्र चंपावत के सूखीढाँग क्षेत्र में सूखीढाँग– श्यामलाताल–कांडा मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 101.53 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस कार्य में 2.990 किलोमीटर लंबे मार्ग का सुधार किया जाएगा।

मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण से सूखीढाँग, श्यामलाताल, कांडा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय निवासियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुँच सुगम होगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने और स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिलने की अपेक्षा है।

श्यामलाताल आने वाले पर्यटकों के लिए भी बेहतर सड़क सुविधा उपयोगी होगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों तथा स्थानीय स्वरोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।

स्वीकृत कार्य के लिए चालू वित्तीय वर्ष में व्यय हेतु प्रारंभिक रूप से 10 हजार रुपये की धनराशि रखी गई है। शासन की स्वीकृति में कार्य प्रारंभ करने से पहले यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रस्तावित कार्य किसी अन्य योजना से आच्छादित न हो, ताकि कार्य की पुनरावृत्ति न हो। निर्धारित शर्तों एवं विभागीय मानकों के अनुसार कार्य कराया जाएगा।

यह स्वीकृति मा. मुख्यमंत्री के आदर्श चंपावत के संकल्प के अनुरूप क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और ग्रामीण संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में उपयोगी कदम है।