चम्पावत 08 अगस्त 2025,
*’आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत बाराकोट में निकली भव्य तिरंगा यात्रा*
*देशभक्ति और स्वच्छता के संकल्प के साथ गूंजे राष्ट्रप्रेम के नारे*
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ की श्रृंखला में विकास खंड बाराकोट में आज एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विकास खंड कार्यालय परिसर में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात सहायक खंड विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और स्वच्छ भारत मिशन को गति देने का संकल्प लिया।
तिरंगा यात्रा खंड कार्यालय से आरंभ होकर मुख्य बाजार मार्ग होते हुए पुनः कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’, ‘स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत’ जैसे देशभक्ति और स्वच्छता के नारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने तिरंगे झंडों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन का उद्देश्य न केवल राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा को बनाए रखना था, बल्कि नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना भी जागृत करना था।
सहायक खंड विकास अधिकारी ने इस अवसर पर कहा— “तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और नागरिक कर्तव्यों को याद करने का प्रेरणादायी अवसर है।”
इस अवसर पर विकास खंड के समस्त अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी के सक्रिय सहयोग से यह यात्रा सफलतापूर्वक और गरिमामयी ढंग से सम्पन्न हुई।



