*मा. मुख्यमंत्री के खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के विजन को मिलेगी मजबूती, चम्पावत के चारों विकासखंडों में बनेंगे खेल मैदान*

चम्पावत, 26 सितम्बर 2026,

*मा. मुख्यमंत्री के खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के विजन को मिलेगी मजबूती, चम्पावत के चारों विकासखंडों में बनेंगे खेल मैदान*

*ग्रामीण युवाओं को गांव के नजदीक मिलेंगी खेल सुविधाएं,लगभग 30 स्थानों पर 1. 71 करोड़ रूपये से अधिक के कार्य जिला योजना से प्रस्तावित*

*चम्पावत, पाटी, लोहाघाट और बाराकोट में विकसित होंगे खेल मैदान, स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर*

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के विजन के अनुरूप जनपद चम्पावत में खेल अवस्थापना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी दिशा में जनपद के चम्पावत, पाटी, लोहाघाट और बाराकोट विकासखंडों में करीब 30 स्थानों पर 171 लाख रूपये से अधिक की लागत से खेल मैदान एवं खेल अवस्थापना विकास के कार्य जिला योजना से प्रस्तावित हैं। इन कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और बच्चों को अपने क्षेत्र में ही अभ्यास एवं खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेगी ।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान विकसित होने से युवाओं को नियमित अभ्यास के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेजी से आगे बढ़ाने तथा निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।

लोहाघाट विकासखंड में दिगालीचौड़, बसकुनी, कलचौड़ा और मढुवा सहित विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान प्रस्तावित हैं। बाराकोट विकासखंड में चौमेल, ईजड़ा, नदेड़ा, आगर और बाराकोट में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। बाराकोट में खेल मैदान के साथ आवश्यक अवस्थापना विकास के कार्य भी प्रस्तावित हैं।

इसी प्रकार पाटी विकासखंड में चौड़ामेहता, चौड़कोट, मछियाड़ और मूलाकोट सहित विभिन्न क्षेत्रों में खेल मैदान प्रस्तावित हैं। चम्पावत विकासखंड में पिनानातलाड़ी, दुधौरी, अमकड़िया, बमनजौल, ककनई, खटोली, सिमल्टा, नरसिंह डांडा, दयूरी, खर्ककार्की, कोट अमोड़ी, गुदमी, दुबड़जैनल, मटेला, मथियाबाज और चंदनी सहित विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं।

प्रस्तावित निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री जसवंत सिंह खड़ायत ने बताया कि चारों विकासखंडों में करीब 30 स्थानों पर खेल मैदान एवं संबंधित अवस्थापना विकास के कार्य प्रस्तावित हैं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराए जाएंगे।

इन खेल मैदानों के विकसित होने से विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को खेल अभ्यास के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलेगी। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ब्लॉक, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए स्वयं को तैयार करने का बेहतर अवसर मिलेगा।