चम्पावत 09 सितम्बर 2025,
*आपदा प्रभावित किसानों को त्वरित राहत – मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर चंपावत प्रशासन सक्रिय*
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में जनपद चम्पावत में आपदा से प्रभावित कृषकों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
विगत दिवस जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुई अतिवृष्टि के कारण कृषि योग्य भूमि एवं फसलों को क्षति पहुँची थी।
प्रभावित कृषकों को शीघ्र लाभान्वित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में राजस्व, कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सर्वेक्षण कर रही हैं तथा आपदा मानकों के अनुसार राहत राशि उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।
जिलाधिकारी ने स्वयं ग्राम दियूरी के बिलौना तोक एवं नकीना तोक, साथ ही टनकपुर क्षेत्र में शारदा नदी से हो रहे भू-कटाव तथा टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में जलभराव से फसल क्षति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित कृषकों की आजीविका में सुधार हेतु त्वरित व दीर्घकालिक उपाय प्राथमिकता पर किए जाएं और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उन्हें उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन की टीमें निरंतर आपदाग्रस्त क्षेत्रों में जाकर किसानों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं।
साथ ही, जनपद में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुँचाने की शिकायतों को देखते हुए जिला योजना एवं मनरेगा के युगपतिकरण से 25 ग्रामों में सामूहिक घेरबाड़ कार्यक्रम खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। विशेष रूप से जहाँ नगदी फसलें उगाई जा रही हैं, वहाँ घेरबाड़ कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि कृषकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।


